देशी बम, देशी पिस्टल और कारतूस बरामद 

हजारीबाग: जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनन्द के नेतृत्व में विशेष टीम ने बड़कागांव, गिद्दी थाना क्षेत्र सहित आसपास से प्रिंस खान और राहुल दूबे गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो देशी पिस्टल, दो देशी बम, जिंदा गोली, खोखा और रंगदारी के लिए इस्तेमाल होने वाले पर्चे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार एसआईटी ने सबसे पहले बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मोबाइल की जांच में सामने आया कि वह टेलीग्राम के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में था। साथ ही राहुल सिंह गिरोह के अन्य सदस्यों के सीधे संपर्क में भी था। कड़ाई से पूछताछ में अंकित ने स्वीकार किया कि 25 जुलाई की रात प्रिंस खान के इशारे पर बड़कागांव के 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड पर फायरिंग की गई थी और मौके पर संगठन के नाम का पर्चा भी छोड़ा गया था। इस मामले में पहले से बड़कागांव थाना में काण्ड संख्या 133/26 दर्ज है।

अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने शिवाडीह के ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और पतरातु के कुणाल कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार और बम पिपराडीह-चंदौल मार्ग के पास बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाए गए हैं। जब पुलिस टीम बरामदगी के लिए पहुंची तो अंकित ने छिपाकर रखा देशी पिस्टल निकालकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली अंकित के बाएं पैर में लगी और उसे पकड़ लिया गया। घटनास्थल से हथियार, बम और पर्चे जब्त कर इस संबंध में बड़कागांव थाना में काण्ड संख्या 141/26 दर्ज किया गया है।

इसी कड़ी में गिद्दी थाना पुलिस ने पतरातू बाजार निवासी करमा कुमार साहू को पूछताछ के लिए लाया। पूछताछ में उसने बताया कि वह राहुल दुबे और प्रिंस खान गैंग के लिए हथियार और बम सप्लाई का काम करता है। सोशल मीडिया एप के जरिए संपर्क कर कोलियरी क्षेत्र के व्यापारियों, ठेकेदारों और कोयला कंपनियों को धमकाकर लेवी वसूलने के लिए हथियार उपलब्ध कराए जाते थे। करमा की निशानदेही पर 8 अगस्त को गिद्दी थाना क्षेत्र के साधु कुटिया जंगल से बम और देशी पिस्टल की मैगजीन बरामद की गई। इस संबंध में गिद्दी थाना में काण्ड संख्या 22/26 दर्ज किया गया है। करमा पर पहले से पिठोरिया और पतरातु थाने में रंगदारी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल दो देशी बम, दो देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक मिस फायर गोली, पांच मोबाइल और चार पर्चे बरामद किए हैं। अभियान में पुलिस निरीक्षक बड़कागांव अंचल शाहिद रजा, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, गिद्दी थाना प्रभारी  मो. इकबाल हुसैन, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, डाड़ीकला ओपी प्रभारी सोगन मुर्मू, लोहसिंगना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक सदलबल शामिल थे।

 

 

By Admin

error: Content is protected !!