देश के गौरव और सम्मान का प्रतीक है तिरंगा : महानंद महतो

रांची: आजादी का अमृत महोत्सव के तहत गुरुवार को कांके प्रखंड क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ दर्जनभर से अधिक स्कूलों के शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुंदुर पेट्रोल पंप के पास से हुई। हाथों में तिरंगा लिए लोग चंदेवे और ओयना होते हुए हुजीर मैदान पहुंचे। पूरे मार्ग में देशभक्ति के गीतों और भारत माता की जय, वंदे मातरम् के जयघोष से माहौल देशभक्ति के रंग में डूबा रहा। स्कूली बच्चों की टोली आकर्षण का केंद्र रही। तिरंगा हाथ में लेकर चल रहे छात्र-छात्राओं ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ कदम से कदम मिलाकर राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया। हुजीर मैदान में यात्रा का समापन हुआ। यहां आयोजकों द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए चना, गुड़ और शरबत की व्यवस्था की गई थी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मेश्राम मंडल अध्यक्ष महानंद महतो ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करते हैं और उन्हें राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का एहसास कराते हैं।

मौके पर रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, हुंदुर पंचायत की मुखिया राजिनी देवी, जिला मंत्री संदीप सिंह, सुबोध साहू, कांके के पूर्व विधायक जीतू चरण राम, अमित साहू, शिवलाल महतो, मनीष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

 

 

By Admin

error: Content is protected !!