उगऽ हे सूर्यदेव, भईल भिनसरवा…
भुरकुंडा (रामगढ़): लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ। इसके उपरांत छठ व्रतियों ने हवन किया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा। वहीं पारण के साथ 36 घंटे का कठोर निर्जला व्रत पूर्ण हुआ। इससे पूर्व रविवार की शाम छठ व्रतियों ने रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
अवसर पर भुरकुंडा कोयलांचल के नदियों और तालाबों के छठ घाटों पर व्रतियों ने सूर्योपासना करते हुए छठ मईया से मंगलकामना की। वहीं सोमवार की सुबह अर्घ्य के उपरांत व्रतियों ने घाट पर हवन किया और प्रसाद बांटा। इसके साथ ही पारण कर छठ व्रतियों ने 36 घंटे का कठोर व्रत समाप्त किया।
इधर, सोमवार की सुबह भुरकुंडा के नलकारी नदी घाट से लौटने के क्रम में छठ व्रतियों ने छठ मईया, सूर्य देव और मां गंगा के मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर में काफी देर तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं जगह-जगह बजते छठ पूजा के गीतों से माहौल आस्था और भक्तिभाव से सराबोर रहा।
महापर्व को लेकर छठ पूजा समितियां व्रतियों की सेवा और सुविधाओं को लेकर तन्मयता से जुटी रही। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल के जवान भी जगह-जगह तैनात रहे।

