हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम कुटीपिसी की किराना दुकानों में अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही और पुलिस निरीक्षक बरही अंचल के निर्देश पर प्रभारी पदमा ओपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने कुटीपिसी गांव पहुंचकर विभिन्न दुकानों की जांच की। इस दौरान दो किराना दुकानों से दो युवकों को बीयर बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बादल कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता बालदेव प्रसाद मेहता, ग्राम नावाडीह और उपेन्द्र कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता गणेश प्रसाद मेहता, ग्राम कुटीपिसी के रूप में हुई है। दोनों पदमा ओपी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बादल कुमार की दुकान से Godfather Beer 650 एमएल की 5 बोतल, Godfather Cane Beer 500 एमएल की 10 बोतल, Kingfisher Beer 650 एमएल की 6 बोतल और Kingfisher Cane Beer 500 एमएल की 9 बोतल बरामद की। वहीं उपेन्द्र कुमार की दुकान से Godfather Beer 650 एमएल की 7 बोतल, Godfather Cane Beer 500 एमएल की 6 बोतल, Kingfisher Beer 650 एमएल की 20 बोतल और Kingfisher Cane Beer 500 एमएल की 12 बोतल जब्त की गई। दोनों दुकानों से कुल 75 बोतल बीयर बरामद की गई है।
इस मामले में बरही थाना अंतर्गत पदमा ओपी में कांड संख्या 289/2026 दिनांक 16/08/2026 दर्ज किया गया है। अभियुक्तों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 292 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
