रांची: झारखंड में आयुष चिकित्सा को लेकर बड़ी योजना पर काम शुरू हुआ है। राज्य सरकार करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से आयुष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थापित करने जा रही है। इसका डीपीआर केंद्र सरकार को भेज दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को डोरंडा स्थित पलाश सभागार में आयोजित प्रदेश आयुर्वेद सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की रणनीति में आयुष चिकित्सा को भी शामिल किया गया है। मंत्री ने कहा कि आयुष के क्षेत्र में केरल की व्यवस्था का उल्लेख होता है। झारखंड में भी इसकी अपार संभावनाएं हैं, जिसे योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।

सम्मेलन में चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने आयुर्वेद की मौजूदा स्थिति और विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की। मंत्री ने सुझावों पर विचार करने का भरोसा दिलाया। बताया जाता है कि 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को AI, डिजिटल तकनीक और रोबोटिक्स पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं में नई तकनीकों के उपयोग पर मंथन किया जाएगा।