पलामू: छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में ससुर ने टांगी से हमला कर अपने दामाद की हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांधी भुइयां के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी जगदेव भुइयां मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार करमा के बभंडी गांव निवासी गांधी भुइयां की शादी भिखही गांव में हुई थी। उसकी पत्नी कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। पत्नी को विदा कराने के लिए गांधी शनिवार को ससुराल आया था। इसी दौरान ससुर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ससुर ने टांगी से हमला कर दामाद की हत्या कर दी।

रविवार सुबह मक्का के खेत में गांधी का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। छतरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी सौरव चौबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।