रांची: झारखंड में 23-24 सितंबर को बारिश का जोर बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने बुधवार, 23 सितंबर और गुरुवार, 24 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इससे पहले सोमवार, 21 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
रांची और आसपास के इलाकों में 21 सितंबर को एक-दो दौर बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और इसके डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है। 23 सितंबर के आसपास इसके दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश बढ़ सकती है और अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
23 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। 24 सितंबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और धनबाद में भारी बारिश हो सकती है। मेघगर्जन और तेज हवा के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें। जलभराव वाले रास्तों से बचें और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा टालें।
