रांची: राजधानी में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिसमें एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, एसपी ट्रैफिक, एएसपी कोतवाली, प्रोबेशनर एसपी, डीएसपी नगर, डीएसपी सदर और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में चेन स्नेचिंग के पैटर्न, अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, संवेदनशील इलाकों और तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा की गई। अपराध पर नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

एसएसपी के आदेशानुसार अब चेन स्नेचिंग के हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती बढ़ाने और सादे लिबास में पुलिस बल की जाएगी। पुरानी घटनाओं का केसवार और स्थानवार विश्लेषण कर अपराधियों के संभावित रूट और एग्जिट प्वाइंट चिन्हित किए जाएंगे। घटनास्थल और संभावित मार्गों पर लगे CCTV फुटेज का विश्लेषण किया जाएगा। जहां CCTV नहीं है, वहां लगवाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके अलावा अपराधियों के संभावित रूट पर पुलिस बल की तैनाती और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। वहीं टेक्निकल सेल को CCTV, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अपराधियों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने का निर्देश दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को बाजार, चौक-चौराहों और महिलाओं की आवाजाही वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया गया है।

एसएसपी ने कहा कि फील्ड पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी और पुराने अपराधियों के सत्यापन को एक साथ जोड़कर कार्रवाई की जाए, ताकि जल्द से जल्द घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।