रांची: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारियों की नई नियुक्तियां कर दी हैं। इस क्रम में झारखंड भाजपा की कमान गजेंद्र पटेल को सौंपी गई है। जबकि सौरभ सिंह और बिहार की निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी मनोनीत किया गया है।
भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। झारखंड में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान और चुनावी तैयारियों में नई टीम की अहम भूमिका रहेगी।
पार्टी ने इस फेरबदल में कई राज्यों में नए चेहरों को जिम्मेदारी दी है। असम में मंगल पांडे को प्रभारी बनाया गया है, जबकि फांग्नोन कौन्याक और मनोज टिग्गा को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार में हरिश द्विवेदी प्रभारी होंगे, उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता सह प्रभारी होंगे।
इसी तरह छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी को प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी बनाया गया है। गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुग को दी गई है, जिनके साथ अजय महावर और गोमती साईं सह प्रभारी होंगे। हरियाणा में स्मृति ईरानी को प्रभारी और भोला सिंह को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में श्रीकांत शर्मा और जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी बनाया गया है। भाजपा के इस संगठनात्मक बदलाव के बाद झारखंड में गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में नई टीम प्रदेश संगठन को धार देने का काम करेगी।
