भुरकुंडा (रामगढ़): शारदीय नवरात्र की तैयारियां भुरकुंडा सहित आसपास में शुरू हो गई है। दुर्गा पूजा को लेकर जगह-जगह भव्य पंडालों का निर्माण किया जा रहा है। कारीगर पूरी तन्मयता से निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं मूर्तिकार मां दुर्गा, भगवान गणेश, कार्तिकेय, लक्ष्मी, सरस्वती और महिषासुर की प्रतिमा तैयार करने में दिन-रात लगे हुए हैं। क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
भुरकुंडा रिक्रिएशन क्लब दुर्गा पूजा समिति द्वारा पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर पंडाल बनाया जा रहा है। बताया जाता है कि लगभग 2 लाख 30 हजार की लागत से निर्माण हो रहा है। पंडाल कीऊंचाई लगभग 60 फीट और चौड़ाई तकरीबन 45 फीट होगी। अंदर और बाहर रंग-बिरंगे कृत्रिम फूलों से आकर्षक सजावट की जाएगी। साथ ही विद्युत सज्जा भी उम्दा देखने को मिलेगी।

जवाहरनगर पंचायत में ज्योति क्लब द्वारा आकर्षक पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। बंगाल से पहुंची कारीगरों की टीम पंडाल बनाने में जुटी हुई है। बताया जाता है कि पंडाल का निर्माण 1 लाख 60 हजार रुपये से किया जाएगा। पूजा पंडाल की लंबाई और चौड़ाई 40-40 फीट की होगी। जिसमें उजले और सुनहरे रंग का मनमोहक मेल और आकर्षक विद्युत सज्जा देखने को मिलेगी। इसके अलावा सौंदा डी क्लब घर, सीसीएल सौंदा मैदान, सौंदा बस्ती, रिवर साइड, विरसा चौक में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारियां की जा रही है।
