रांची: भारत-वेस्टइंडीज टी-20 से पहले जेएससीए ने कॉम्प्लिमेंट्री पास बांटने की व्यवस्था कड़ी करने का फैसला किया है। इस बार पास की संख्या सीमित रहेगी और किस श्रेणी को कितने पास मिलेंगे, इसका फैसला पूरी जेएससीए कमेटी करेगी। करीब 39,500 दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में लगभग 3,800 फ्री पास का प्रस्ताव है।
पास का कोटा तय होने से वीआईपी-वीवीआईपी, जेएससीए सदस्यों, मीडिया, संस्थाओं और अतिथियों को मिलने वाले पास भी सीमित होंगे। पुरानी सूची की समीक्षा के बाद श्रेणीवार नया कोटा तय किया जाएगा।
पिछले भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के बाद पास वितरण को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इस बार उसी पृष्ठभूमि में पूरी प्रक्रिया को सामूहिक निगरानी में रखने की तैयारी है। टिकटिंग और एक्रिडिटेशन के साथ स्टेडियम में प्रवेश और भीड़ प्रबंधन पर भी जेएससीए का फोकस रहेगा।
