इनोवा कार पर धनबाद से बिहार की जा रही थी तस्करी 

हजारीबाग: पदमा ओपी पुलिस ने वाहन जांच के दौरान इनोवा गाड़ी से 732 बोतल नकली विदेशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त इनोवा वाहन को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि जेएच 10 जे-7960 नंबर की इनोवा से अवैध शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर एसडीपीओ बरही और इंस्पेक्टर बरही के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार ने पुलिस बल के साथ ओपी गेट के पास जांच अभियान शुरू किया। इस दौरान संदिग्ध इनोवा को रोकने का इशारा किया गया तो चालक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।

तलाशी में इनोवा से क्लासिक ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 375 एमएल की 28 पेटी में 672 और 750 एमएल की 5 पेटी में 60 बोतल, कुल 732 बोतल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे धनबाद बरवा अड्डा निवासी मुकेश कुमार से शराब लेकर बिहार बेचने जा रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के करणडीह निवासी एस. बेंकटरमन मूर्ति और बिहार के मोतिहारी जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के मजुराहा निवासी गुड्डू आलम के रूप में हुई है। इस संबंध में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 338/26 दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।