रांची: SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर लोगों में भ्रम फैला रही है।
आदित्य साहू ने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों ने स्पष्ट किया था कि एसआईआर समेत आयोग के सभी प्रमुख फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को लेकर उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग की किसी नीति या आईटी विभाग से जुड़ा मामला नहीं, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी से संबंधित था, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
इस दौरान फॉर्म-6 के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एसआईआर में घोषणा पत्र की व्यवस्था प्रक्रिया का हिस्सा है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है, रेहड़ी-पटरी वालों और झोपड़ी में रहने वालों के नाम भी जोड़े जा रहे हैं।
वहीं ईवीएम के सवाल पर साहू ने कहा कि कांग्रेस का दोहरा रवैया है। जिन राज्यों में कांग्रेस या उसके सहयोगी दल चुनाव जीतते हैं, वहां ईवीएम पर सवाल नहीं उठता, हार के बाद ही यह मुद्दा उठाया जाता है। प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह, राफिया नाज, सतीश सिन्हा और सह मीडिया प्रभारी नीरज मौजूद रहे।
