भुरकुंडा (रामगढ़): बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत बलकुदरा में रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क पर रविवार को सड़क दुघर्टना में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन-फानन में एंबुलेंस पर सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया गया है। घायल गोला के रहनेवाले बताए जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गोला से एक परिवार के लोग ऑटो (JH O2 AF 9187) पर अपने रिश्तेदार के घर दसकर्म कार्यक्रम में शामिल होने बलकुदरा बड़काटोला जा रहे थे। ऑटो पर महिला-पुरूष और बच्चे समेत कुल 10 लोग सवार थे। इस दौरान बलकुदरा फ्लाइओवर से आगे लक्ष्मी मंडप के निकट पीछे से आती एक बाइक से ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ऑटो सवार एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट लगी है। जबकि महिला और बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। अन्य को भी मामूली चोटें आई हैं।
वहीं टक्कर से बाइक सड़क पर गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि बाइक सवार बाल-बाल बच गया। दुर्घटना की सूचना पर बासल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से एंबुलेंस पर घायलों को सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर ओपी ले आई है। दुर्घटना की जांच-पड़ताल चल रही है।
