| बॉडी बिल्डिंग स्पर्धा में देशभर के कई एथलीटों को हराया |
झारखंड पुलिस विभाग में हर्ष का माहौल
रांची: हरियाणा के करनाल में आयोजित 75वीं अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर प्रतियोगिता 2026-27 में झारखंड के जांबाज पुलिसकर्मियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता के बॉडी बिल्डिंग स्पर्धा में झारखंड पुलिस के दो जवानों ने देश भर से आए कई एथलीटों को पछाड़ते हुए पदक अपने नाम किए हैं।
प्रतियोगिता के बॉडी बिल्डिंग मुकाबले में हवलदार संतोष कुमार बोबोंगा (SISF) ने अपनी उत्कृष्ट फिटनेस और कड़े अनुशासन का परिचय देते हुए 56 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक (Silver Medal) पर कब्जा जमाया। वहीं आरक्षी बिरेन्द्र बोदरा ( JAP-6) ने अपनी बेहतरीन तकनीक और कड़ी मेहनत की बदौलत 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतकर राज्य की खेल क्षमता का लोहा मनवाया है।
दोनों जवानों की इस ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि पर झारखंड पुलिस मुख्यालय सहित पूरे विभाग में उत्साह और हर्ष का माहौल है। झारखंड पुलिस के जवान संतोष कुमार बोबोंगा और बिरेन्द्र बोदरा की यह सफलता राज्य के पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक है।
