लाइव डेमो दिखाकर दी जानकारी, प्राथमिक उपचार के तरीके बताए
पतरातू (रामगढ़): अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से मंगलवार को पीटीपीएस कॉलेज में विशेष अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीआईएसएफ अग्निशमन दल के सदस्यों ने कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, बचाव के उपायों तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन टीम ने बच्चों को दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया। बताया गया कि पटाखे जलाते समय किस प्रकार की सावधानियां बरतनी चाहिए, ज्वलनशील पदार्थों से उचित दूरी क्यों जरूरी है और दुर्घटना होने पर घबराने के बजाय तत्काल क्या कदम उठाने चाहिए।
कार्यक्रम में फायर फाइटिंग क्लास और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। कर्मियों ने आग के विभिन्न प्रकारों, लगने के कारणों और उपलब्ध संसाधनों से आग पर काबू पाने के तरीकों को समझाया। साथ ही आपदा के समय सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया भी बताई गई।
टीम ने सलाह दी कि पटाखे खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं, बच्चों को बड़ों की निगरानी में ही पटाखे चलाने दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आसपास के लोगों और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें। यदि पटाखे या आग से कोई दुर्घटना हो जाए तो प्राथमिक उपचार कैसे करना है, इसकी भी जानकारी दी गई।
इस जागरूकता कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में पीटीपीएस कॉलेज एनएसएस टू की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता इतिहास विभाग के डॉ. नंद कुमार ने की।
मौके पर सीआईएसएफ डिप्टी कमांडेंट संजीव कुमार सद्दी, प्राचार्य डॉ कुमार मनोज, डॉ वीरेश कुमार, प्रो जयशंकर ठाकुर, डॉ विजय सिंहा, डॉ शकील अहमद, डॉ पुष्पा, एनएसएस- 2 के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बचनदेव राय, अजीत कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
