चतरा: गिद्धौर पुलिस ने सलीमपुर मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से बाइक, नकदी, मोबाइल समेत कई सामान बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान चतरा सदर थाना क्षेत्र के लोवागड़ा निवासी निराला कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि बाइक सवार एक व्यक्ति चतरा से हजारीबाग की ओर जाने वाला है। इसके बाद सलीमपुर मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। वह बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर, 15,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और सिल्वर रंग की चेन मिली। पुलिस ने एक अपाची बाइक और वाट्सऐप चैट के प्रिंट भी जब्त किए हैं।

पुलिस का कहना है कि मोबाइल में मिले वाट्सऐप चैट से नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मामले में गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। कार्रवाई करने वाली टीम में सदर अंचल पुलिस निरीक्षक बीरेंद्र हांसदा, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री समेत पुलिस जवान शामिल थे। प्रेस कांफ्रेंस में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह भी मौजूद थे।