उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक 

रामगढ़: समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। जिसमें पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी उपस्थित रहे।  बैठक में जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने पीपीटी के माध्यम से अवैध खनन के विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

उपायुक्त ने विगत समय में अवैध खनन पर रोक के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा की और अधिक प्रभावी तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में अवैध मुहानों को बंद करने की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने कहा कि कहीं से भी अवैध मुहाने से खनन की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई कर उसे अच्छी तरह बंद कराया जाए।

बैठक में उपायुक्त ने खनिजों के परिवहन से जुड़े सभी वाहनों में जीपीएस लगाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी अंचलाधिकारी और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले में संचालित सभी कारखानों और फैक्ट्रियों में सघन जांच अभियान चलाकर मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य उपस्थित थे।