रांची: दुर्गा पूजा से पहले कोयला कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कोल इंडिया लिमिटेड के करीब दो लाख कर्मचारियों को इस बार 1,10,250 रुपये बोनस मिलेगा। पिछले वर्ष कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये बोनस दिया गया था।

बोनस को लेकर शनिवार को कोल इंडिया के कोलकाता स्थित कोल भवन में प्रबंधन और केंद्रीय ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में बोनस की राशि पर अंतिम सहमति बनी।

प्रबंधन के अनुसार, बोनस का भुगतान 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। बोनस की राशि बढ़ने से कर्मचारियों को पिछले साल की तुलना में 7,250 रुपये अधिक मिलेंगे। घोषणा के बाद कोयला कर्मियों में खुशी है।