रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के हाईटेंशन ग्राउंड के पास वारदात की योजना बना रहे दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरफान खान उर्फ छोटन (34 वर्ष) पिता मुस्ताक खान निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी नामकुम और फरमान अंसारी उर्फ मनिया (26 वर्ष) पिता बिलाल अंसारी निवासी आईएसएम चौक बंगला टोली पुंदाग के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को दो अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटू अपने सहयोगियों के साथ हथियार के साथ हाईटेंशन ग्राउंड के पास खंडहर में चोरी की बाइक के साथ किसी गंभीर वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए एसपी ग्रामीण के निर्देशन में और डीएसपी मुख्यालय प्रथम के नेतृत्व में थाना प्रभारी नामकुम के साथ छापामारी दल का गठन किया गया।

दल ने हाइटेंशन ग्राउंड के पास स्थित खंडहर में देखा कि बाहर यामाहा एफजेड और बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी है और दोनों वाहनों पर बैठा बातें कर रहे हैं। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे‌। जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान छोटू की कमर के पीछे से एक लोहे की पिस्टल मैगजीन सहित लोड अवस्था में बरामद हुई, जिसमें तीन जिंदा कारतूस लगे थे। दोनों के पास से यामाहा एफजेड नंबर जेएच 02बीडी 4001 और बुलेट नंबर जेएच01डीके 8438 भी जब्त की गई, जो चोरी की निकली।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की बाइक का इस्तेमाल छिनतई और लूट की वारदात में करते थे। पुलिस के अनुसार छोटू के खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और छिनतई के 17 मामले दर्ज हैं, जबकि फरमान के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में नामकुम थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।