रातू: ऐतिहासिक रातू किला में दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को रातू पैलेस में प्रमुख संगीता देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पूजा की धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग भी की गई।

बैठक में तय किया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित होगी। बेलवरन से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक की सभी धार्मिक गतिविधियों और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आयोजन के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में राजपुत्री माधुरी मंजरी देवी, डीएसपी अजय आर्यन, थाना प्रभारी आदिकांत महतो, सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी, महेश कुशवाहा और बिशेश्वर राय समेत कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों के सहयोग से रातू किला की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा इस वर्ष भी परंपरागत स्वरूप में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।