रांची: दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को लेकर रविवार को जिला प्रशासन ने पूजा समितियों के साथ बैठक की। धुर्वा स्थित मेफेयर बैंक्वेट हॉल में जगन्नाथ नगरीय दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित बैठक में 35 दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने समितियों को प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

बैठक में पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, विद्युत व्यवस्था की जांच, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन ने पूजा समितियों से पुलिस और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। किसी भी तरह की समस्या होने पर प्रशासन और पुलिस से तत्काल संपर्क करने को कहा गया।

बैठक में जगन्नाथ नगरीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा और अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत मौजूद रहे।

इसके अलावा शांति समिति के सदस्य अजीत सहाय और जयसिंह यादव, रविंद्र सिंह, पूजा समिति के अध्यक्ष राजू रंजन, पवन कुमार सिंह, वार्ड 40 की पार्षद सुचित्रा रानी, पूर्व पार्षद उर्मिला यादव, अशोक यादव, उमेश यादव, संरक्षक मंडली के जीवेश सिंह सोलंकी, वार्ड 39 की पूर्व पार्षद सुमन देवी, राजन वर्मा, बादल सिंह और संजय मिनोचा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।