रामगढ़: थाना क्षेत्र अंतर्गत चुटूपालू घाटी में रांची-पटना मार्ग पर बीती रात अनियंत्रित कंटेनर ने एक कार में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। चालक के अलावा कार में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे।

दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बलेनो कार (JH 02 AZ 5718) में पांच लोग रांची से हजारीबाग की ओर जा रहे थे। इस दौरान चुटूपालू घाटी में कंटेनर (HR 37D 8971) का ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर कार को टक्कर मारते हुए सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए।

मामले की सूचना पर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कार सवार लोगों को बाहर निकाला और सदर अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में महिला प्रोनाई चक्रवर्ती सहित दो पुरुष प्रियांशु चक्रवर्ती और पिमांशु चक्रवर्ती की मौत हो गई है। वहीं रीना चक्रवर्ती और कार चालक घायल बताए जाते हैं। रीना चक्रवर्ती का उपचार रामगढ़ सदर अस्पताल में किया जा रहा है। जबकि चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया है।

वहीं, दुर्घटना के बाद घाटी में वाहनों की कतार लग गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी‌ और आवागमन बहाल हो सका। इधर, चुटूपालू घाटी में अक्सर होते हादसों से लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।