भुरकुंडा (रामगढ़): दुर्गा पूजा के मद्देनजर भुरकुंडा में सोमवार से साफ-सफाई तेज कर दी गई है। पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता के निर्देश पर सोमवार को विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे का उठाव शुरू किया गया। जेसीबी और ट्रैक्टर से जगह-जगह जमा कचरे का उठाव किया जा रहा है। इसे लेकर पतरातू बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने थाना चौक के निकट कचरा उठाव का जायजा लिया।

इस दौरान बीडीओ मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसलिए कचरे का उठाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर स्थानीय लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। लोग अपने घरों के साथ-साथ आसपास भी स्वच्छता रखें।
वहीं भुरकुंडा मुखिया अजय पासवान ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर थाना चौक के निकट लंबे अरसे से जमा कचरे का उठाव किया जा रहा है। इसके अलावा मेन रोड स्थित गुरुद्वारा के समीप, भुरकुंडा-पतरातू स्टैंड समेत भुरकुंडा और जवाहर नगर पंचायत में जमा कचरे का भी उठाव किया जाएगा। मौके पर पंकज कुमार, राजेंद्र नायक सहित अन्य मौजूद रहे।

