तीन गांवों में शिक्षा और संस्कार के कार्यों का करेंगे अवलोकन 

पतरातू (रामगढ़): झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बुधवार को पतरातू प्रखंड के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे प्रखंड के तीन सुदूरवर्ती गांवों राजाबेड़ा, बरतुआ और ईचापिरी में एकल अभियान के तहत संचालित गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला और प्रखंड प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

तीन पंचायतों के गांवों का करेंगे दौरा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सबसे पहले हरिहरपुर पंचायत के राजाबेड़ा गांव पहुंचेंगे, इसके बाद तालाटांड पंचायत के बरतुआ और अंत में हफुआ पंचायत के ईचापिरी गांव जाएंगे। इन गांवों में एकल अभियान द्वारा संचालित एकल विद्यालयों, संस्कार केंद्रों और ग्राम विकास से जुड़े कार्यों को वे करीब से देखेंगे और बच्चों व ग्रामीणों से संवाद भी करेंगे।

प्रशासनिक अमला अलर्ट पर

राज्यपाल के दौरे को लेकर पतरातू अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय है। गांवों में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

क्या है एकल अभियान

एकल अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ललन कुमार शर्मा ने बताया कि एकल अभियान देश के दूरस्थ, ग्रामीण और वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार, आरोग्य, ग्राम विकास और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से कार्य कर रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य उन बच्चों तक प्राथमिक शिक्षा पहुंचाना है, जहां आज भी औपचारिक विद्यालयों की पहुंच नहीं है। एकल विद्यालय के माध्यम से बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा और संस्कार दिए जाते हैं।उन्होंने बताया कि राज्यपाल का यह दौरा अभियान के कार्यों को प्रोत्साहन देने वाला है।

तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

आयोजन को सफल बनाने में पतरातू संच समिति के सचिव सह मुखिया किशोर कुमार महतो, अभियान से जुड़े भुनेश्वर ठाकुर, अनीता जैन, पारिजात कुमारी, बाबूलाल गोप, राजू पाण्डेय, अर्जुन सिंह, कर्ण महतो, चन्द्रशेखर कुमार, नागेश्वर महतो, शांती देवी, खिरेन्द्र कुमार, नन्दकिशोर महतो, रविन्द्र बेदिया, दिनेश महतो, अजीत कुमार, नित्यानंद महतो, राजकिशोर महतो, संगीता कुमारी, देवासन गंझू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।