उरीमारी (रामगढ़): श्री श्री दुर्गा पूजा एवं काली पूजा समिति, उरीमारी बिरसा प्रोजेक्ट के तत्वावधान में विजयादशमी पर नागपुरी आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया। जिसमें मस्ताना म्यूजिकल ग्रुप के द्वारा नागपुरी गीत-संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के क्षेत्रीय सचिव राजू यादव ने फीता काटकर किया।
अवसर पर राजू यादव ने कहा कि नागपुरी संस्कृति सिर्फ गीत-संगीत या नृत्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह झारखंड की असली पहचान, परंपरा और हमारे पुरखों की थाती है। हमारे पारंपरिक गीत, मांदर की थाप और झुमर हमारी रगों में बसते हैं, जो समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में अपनी लोक कला, भाषा और संस्कृति को सहेजना और नई पीढ़ी को ठेठ नागपुरी गीतों से जोड़ना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में झारखंड के नामी नागपुरी गायक नितेश कश्यप, कुमार सतीश, यासीन मस्ताना, कप्पू नायक, अनीता बाड़ा, आरती देवी, संजय उरांव सहित कई कलाकारों और डांसरों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। रात भर दर्शक कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे और नागपुरी गीतों पर मंच के नीचे थिरकते नजर आए। वहीं भीड़ को देखते हुए उरीमारी ओपी प्रभारी रथू उरांव के नेतृत्व में पुलिस बल के जवान पूरी तरह चाक-चौबंद नजर आए।
मौके पर मुख्य रूप से पूजा समिति के सचिव सीताराम किस्कू, उरीमारी ओपी एएसआई संजय यादव, महादेव बेसरा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कानू मरांडी, कृष्णा सोरेन, लालो महतो, पंचायत समिति सदस्य गीता देवी, फूलमती किस्कू, सीतामुनी देवी, गणेश राम, विजय करमाली, द्वारिका ठाकुर, चरका करमाली, महावीर साव, सिगू मांझी, दीपक यादव, रंजीत करमाली, दशाराम हेम्ब्रोम, शिव शंकर बेदिया सहित कई लोग मौजूद थे।

