अगले बरस मां जल्दी आ…

ढोल-नगाड़ों के साथ निकली विसर्जन यात्रा, जयकारों से गूंजा कोयलांचल

भुरकुंडा (रामगढ़): शारदीय दुर्गा पूजा के समापन पर बुधवार को भुरकुंडा कोयलांचल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी। मां की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय और भावुक हो गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना, पूजा-अर्चना और दर्शन करने के बाद विदाई की बेला में श्रद्धालु भावुक नजर आए। जयकारों और भावुक माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया और अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण दिया।

अवसर पर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान कई जगहों पर बाजे-गाजे के साथ भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और “बोलो दुर्गा माई की… जय” के उद्घोष के बीच भक्त मां की प्रतिमा को लेकर जलाशय पहुंचे, जहां विधिवत रूप से प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

विसर्जन के दौरान भक्तों ने माता से सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मां की विदाई के साथ ही शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।