रांची: 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन ITBP के नीरज और गौरव संजयराव चांदने ने स्वर्ण पदक जीते। CISF की बासंती महतो, राजस्थान पुलिस के रजत चौहान और CRPF की अंशु ने भी अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण हासिल किया।
रिकर्व पुरुष वर्ग में नीरज 1355 अंकों के साथ पहले, BSF के चमन सिंह 1340 अंकों के साथ दूसरे और ITBP के मुकेश बोरो 1338 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में गौरव ने 689 अंक लेकर स्वर्ण जीता।
महिला रिकर्व वर्ग में बासंती महतो 1336 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहीं। कंपाउंड पुरुष वर्ग में रजत चौहान ने 710 अंक और कंपाउंड महिला वर्ग में CRPF की अंशु ने 701 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
झारखंड पुलिस की मेजबानी में हो रही इस प्रतियोगिता में देशभर की राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

