रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ भाजपा ने राज्य सरकार के विरुद्ध आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने शनिवार को कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा सड़क से लेकर सदन और न्यायालय तक संघर्ष करेगी।

रांची के सुकुरहुटू में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले सत्र के बाद मीडिया से बातचीत में भानू प्रताप शाही ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हालिया छात्र आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रदेश भाजपा और झारखंड के युवाओं की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पार्टी को अगले दो वर्षों तक राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने, जनमुद्दों पर आंदोलन तेज करने और 2029 में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का लक्ष्य दिया गया है।

शाही ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विदेशी ताकतें भारत में अस्थिरता पैदा करने और सत्ता परिवर्तन का माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और जनता के समर्थन से ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी।

झारखंड में उग्रवाद पर उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में उग्रवाद का पूरी तरह उन्मूलन हुआ है। प्रेस ब्रीफिंग में मीडिया प्रभारी योगेंद्र यादव, सह प्रभारी सतीश सिन्हा और तारिक इमरान मौजूद थे।