चान्हो (रांची): झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने रविवार को चान्हो प्रखंड के पकरियो में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर संगठन की भावी रणनीति पर चर्चा की। कार्यक्रम में नव नियुक्त प्रखंड पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने झारखंड के हक-अधिकार की लड़ाई को आगे बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर विस्तार देने की बात कही।

सम्मेलन में गुना भगत, सानिया प्रवीण, विजय साहू और एम रहमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गुना भगत ने कहा कि टाइगर जयराम महतो के नेतृत्व में झारखंड के युवा संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए पदाधिकारियों से निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

सानिया प्रवीण ने संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बताया। वहीं, विजय साहू और एम रहमान ने पंचायत स्तर तक संगठनात्मक कमेटियों को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारी पर जोर दिया।

इस दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन झारखंडी एकता के नारों के साथ हुआ।