रांची: राज्य के विभिन्न जिलों की पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत 319 गुम मोबाइल बरामद किए हैं। जिनमें से कई मोबाइल रविवार को उनके वास्तविक मालिकों के सुपुर्द कर दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर रांची पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए 67 मोबाइल CEIR पोर्टल, टेक्निकल सेल और थानों की तकनीकी टीम की मदद से बरामद किए। विभिन्न थानों में वितरण समारोह में मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। मौके पर वरीय अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद थे।
वहीं हजारीबाग में पुलिस ने 22 मोबाइल, सिमडेगा में पुलिस ने 49 मोबाइल, बोकारो में 57 मोबाइल, लातेहार में पुलिस ने 38 मोबाइल, खूंटी में पुलिस ने 29 मोबाइल, जामताड़ा में पुलिस ने 18 मोबाइल, और गोड्डा में पुलिस 41 मोबाइल बरामद किए हैं। कई मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। जबकि कई मोबाइल जल्द ही सौंप दिए जाएंगे।
पुलिस विभाग ने मोबाइल को लेकर सजग रहने और मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

