पुनर्वास, रोजगार, प्रदूषण सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा 

प्रभावितों के हितों की नहीं हो अनदेखी : अजय पासवान 

भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा क्षेत्र कोयलांचल संघर्ष समिति ने गुरुवार को भुरकुंडा परियोजना कार्यालय में पीओ कुमार राकेश सत्यार्थी से वार्ता की। बैठक में समिति ने प्रभावितों से जुड़ी छह सूत्री मांगों को प्रमुखता से रखा। जिस पर प्रबंधन ने जल्द ही उचित पहल करने का आश्वासन दिया। वार्ता के दौरान सबसे बड़ा मुद्दा नयी संगम माइंस से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का रहा। समिति ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिवार को उजाड़ने से पहले सुरक्षित स्थान पर बसाया जाए, उचित मुआवजा दिया जाए और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। समिति ने मांग किया कि खनन से प्रभावित टोलों में जल्द से जल्द जलापूर्ति, बिजली, शौचालय और सड़क जैसी सुविधाएं बहाल की जाएं, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

इस दौरान समिति ने खनन कार्य से प्रभावित स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग रखी। कहा कि सीसीएल की लोकल सेल को तुरंत चालू किया जाए और प्रभावित परिवारों को रोजगार से जोड़ा जाए।इसके अलावा खनन क्षेत्रों के आसपास उड़ रहे धूल-प्रदूषण से ग्रामीणों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठा। समिति ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव बढ़ाने और अन्य जरूरी उपाय करने की मांग की।

समिति के अध्यक्ष सह मुखिया अजय पासवान ने कहा कि विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के अधिकार, स्वास्थ्य और रोजगार की रक्षा भी जरूरी है। प्रभावितों परिवारों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। बिना पुनर्वास और मुआवजे के विस्थापन उचित नहीं है। पीओ कुमार राकेश सत्यार्थी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

बैठक में संरक्षक चमनलाल, प्रेमनाथ विश्वकर्मा, श्रीनाथ करमाली, जगतार सिंह, लखन राम उपाध्याय, इम्तियाज अहमद, आशीष गुप्ता, मुकेश पाण्डेय, फिरदौस आलम, पंकज कुमार, राजेन्द्र नायक और किशोर नायक सहित समिति के कई सदस्य मौजूद थे।