रामगढ़: पुलिस ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ और लोगों के एटीएम कार्ड का दुरूपयोग कर पैसे की निकासी करनेवाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के चार सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। जिनके पास से अलग-अलग बैंकों के 18 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल, 2 स्कूटी, 8970 रुपये नकद सहित एटीएम मशीन में छेड़छाड़ करनेवाले औजार बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला निवासी मनीष कुमार (28 वर्ष) पिता ब्रजेश कुमार, बिहार के मधुबनी जिला निवासी मो. आसिफ (30 वर्ष) पिता मो. अंग्रेज अंसारी, बिहार के नवादा जिला निवासी आयुष कुमार (25 वर्ष) पिता अनमोल कुमार सिंह और झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत विकास नगर निवासी सूरज कुमार (37 वर्ष) पिता शैलेंद्र सिंह शामिल हैं। 

इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि क्षेत्र में एटीएम मशीन से छेड़छाड़ और एटीएम कार्ड का दुरूपयोग कर रुपयों की निकासी के साथ ही बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी के मामले प्रकाश में आ रहे थे। इस संबंध में बीते 27 अक्टूबर को बासल थाना और 28 अक्टूबर को पतरातू थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने एसडीपीओ पतरातू के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। उनके निर्देश पर पुलिस अनुसंधान में जुट गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के सहयोग से बरकाकाना ओपी अंतर्गत SBI ATM के पास 4 संदिग्ध व्यक्तियों को घूमते हुए देखा गया। गठित टीम द्वारा घेराबंदी कर चारों को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान उनके पास से 18 लोगों के ATM कार्ड, 8970/- रुपये नगद तथा ATM में छेड़छाड़ करने के लिए प्रयुक्त इंजीनियरिंग टूल्स बरामद किए गए। पूछताछ में अपराधियों ने पिछले दिनों ATM में छेड़छाड़ कर पैसे की अवैध निकासी की बात स्वीकार की है। बताया जाता है कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है।

कार्रवाई में एसडीपीओ पतरातू राघवेंद्र शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर सत्येन्द्र कुमार सिंह, बासल थाना प्रभारी अनन्त कुमार, पतरातू थाना प्रभारी विकास आर्यन, भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता, तकनीकी शाखा के नौशाद अहमद सहित अन्य पुलिस कर्मी सदलबल शामिल थे।