रांची: झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) संगठन को मजबूत करने के लिए छठ के बाद राज्यव्यापी अभियान चलाएगा। वहीं, एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की महारैली में करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं को शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है।

बुधवार को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई राज्यस्तरीय बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करने, एसआईआर रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने बताया कि सभी जिलों में संगठन को सक्रिय बनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नवंबर में झारखंड दौरे पर भी कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

बैठक में पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता यादव सहित मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल हुए।