रामगढ़: जिला प्रशासन के प्रयास से रामगढ़वासियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। कैंसर के मरीजों के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ में जल्द विशेष ओपीडी शुरू की जाएगी। इसमें कैंसर विशेषज्ञ डॉ. श्रीकांत अन्ने मरीजों को देखेंगे। सिविल सर्जन कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार यह विशेष ऑन्कोलॉजी ओपीडी प्रत्येक माह के पहले और तीसरे गुरुवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चलेगी। इसे लेकर बुधवार को सदर अस्पताल के डीएस चैंबर में सिविल सर्जन सह उपाधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। बताया गया कि व्यवस्था के लिए उपायुक्त ऋतुराज से अनुमोदन भी प्राप्त हो चुका है।

ओपीडी में कैंसर मरीजों को मिलेगी यह सुविधा 

इस OPD में कैंसर की प्रारंभिक पहचान यानी स्क्रीनिंग, विशेषज्ञ परामर्श, उपचार को लेकर मार्गदर्शन और पहले से कराई गई जांच रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही सदर अस्पताल में कीमोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पात्र मरीजों को प्रोटोकॉल के अनुसार कीमोथेरेपी दी जाएगी।

बड़े शहरों में जाने की परेशानी होगी कम

अभी तक कैंसर के इलाज के लिए मरीजों को रांची, जमशेदपुर जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है। सदर अस्पताल में OPD शुरू होने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ परामर्श मिल सकेगा। समय पर लक्षण की पहचान होने से आगे का इलाज आसान होगा। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि कैंसर से संबंधित लक्षण दिखने पर समय रहते परामर्श लें और जांच कराएं।