29 अक्टूबर से 02 नवंबर तक आयोजन 

रांची: मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन के तत्वावधान में दिवाली मेंले का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने विधिवत दीप प्रज्जवलित कर किया। अवसर पर उन्होंने एसोसिएशन के सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली मेला का उद्देश्य समाज के जरूरतमंदों की आर्थिक रूप से सहायता करना है। मेले के उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार आयोजन भी किया गया। 

29 अक्टूबर से 2 नंबर तक आयोजित इस दिवाली मेंले में देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी लगी है।  यहां 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। जहां पारंपरिक कपड़ों, फैशन एक्सेसरीज और सजावटी सामान की खरीदारी की जा सकेगी। साथ ही मेले के माध्यम से स्थानीय कला-संस्कृति को भी उम्दा मंच मिलेगा।

झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की ओर से आयोजित इस मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। मेले में खरीदारी के साथ कला-संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अवसर पर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी ने किया। उनके साथ उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह तथा कार्यकारिणी सदस्य रंजना कुमार और दिव्याश्री मौजूद थीं। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को राज्यभर में चलाए जा रहे सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी गई।