रामगढ़: गोला में चोरी की स्प्लेंडर प्लस बाइक के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को 29 अक्टूबर को सुबह करीब 11:40 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी कर बरलंगा होते हुए गोला की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस निरीक्षक गोला अंचल रजत कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
टीम ने ग्राम पुरबडीह फुटबॉल ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम गोलू कुमार वर्मा, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता किशोरी रवानी, थाना चौक, रामगढ़ बताया।
कागजात मांगने पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका और भागने का स्पष्ट जवाब भी नहीं दे सका। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है, जिसे उसने 16 अक्टूबर को ओरमांझी थाना क्षेत्र के डाक बंगला ओरमांझी से चोरी की थी। वहीं उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य बाइक भी बरामद की हैं।
इस संबंध में गोला थाना कांड संख्या 120/2026, धारा 317(4)/317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जाता है कि गोलू कुमार वर्मा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पतरातू, रामगढ़, मांडू, गुमला और ओरमांझी थानों में आर्म्स एक्ट और लूट सहित कई मामले दर्ज हैं।
छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार गोराई और पैथर मोबाइल दस्ता शामिल थे।

