बुढ़मू (रांची): अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। बुढ़मू क्षेत्र में बीती रात कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया गया। जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ के उप कमांडेंट दिनेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध कोयले का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर उनके नेतृत्व में टीम ने छापर, कोले रेलवे रोड, हेंदेगीर और बुढ़मू सहित करीब 35 से 40 किलोमीटर के इलाके में निगरानी शुरू की।

बुधवार रात करीब 9:15 बजे निरीक्षक पंकज झा के नेतृत्व में टीम ने बुढ़मू में ट्रक संख्या (OD 09P-4747) को जांच के लिए रोका। टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। ट्रक की तलाशी लेने पर वाहन से चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। लाइसेंस के आधार पर चालक की पहचान इरफान अंसारी के रूप में हुई है। ट्रक पर अवैध कोयला लदा हुआ था।

सीआईएसएफ ने जब्त ट्रक, कोयला, मोबाइल और लाइसेंस को बुढ़मू थाना पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया गया है। अभियान में उप कमांडेंट दिनेश कुमार, निरीक्षक पंकज झा, निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, निरीक्षक कुलदीप कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे।