| बच्चों के अधिकारों की जानकारी लेकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं छात्राएं : डालसा |
लापुंग (रांची): बच्चों को कानूनी अधिकारों से अवगत कराने और उन्हें शोषण से बचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, लापुंग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। नालसा के सुरक्षित बचपन अभियान के तहत छात्राओं को बाल संरक्षण कानून, मुफ्त कानूनी सहायता और शिकायत के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षा, सम्मान और सुरक्षित वातावरण में जीवन जीना प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। किसी भी तरह के शोषण या अन्याय की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित प्राधिकार को सूचना देनी चाहिए।
डालसा के पीएलवी ने बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी, यौन उत्पीड़न, भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा और डायन प्रथा जैसी सामाजिक समस्याओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर उत्पीड़न के खिलाफ नियमों और नशामुक्ति से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
जरूरतमंद बच्चों को सहायता उपलब्ध कराने में बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई की भूमिका बताई गई। साथ ही, निःशुल्क विधिक सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी साझा की गई। छात्राओं को 12 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी बताया गया।
झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश और सदस्य सचिव रंजना अस्थाना तथा रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पीएलवी गणेश कुमार, ललिता कुमारी, प्रतिमा कुमारी और खुदीराम साहु के अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित थीं।

