रांची: राजधानी रांची सहित सूबे में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिख रहे हैं। कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर पर अपराधियों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद मौके से राहुल दुबे गैंग के नाम का एक पर्चा बरामद होने की जानकारी मिल रही है। जिसमें गिरोह ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। हालांकि पर्चे के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार तड़के सुबह अंधेरे में हमलावरों ने कारोबारी के घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

बताया जा रहा है कि कारोबारी को पहले भी धमकी दी गई थी। हालांकि धमकी और फायरिंग के बीच संबंध को लेकर पुलिस जांच कर रही है। बताते चलें कि कांके थाना क्षेत्र में इससे पहले एक पेट्रोल पंप पर भी फायरिंग की घटना हुई थी। उस मामले में राहुल सिंह गिरोह का नाम सामने आया था। पुलिस ने उस घटना में शामिल एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार भी किया था। फिलहाल पुलिस कारोबारी के घर हुई फायरिंग, पूर्व में मिली धमकी और मौके पर मिले पर्चे के आधार पर हर एंगल से जांच कर रही है।