भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा सहित आसपास के इलाके में अवैध महुआ शराब का कारोबार एक अरसे से बदस्तूर चला आ रहा है। इसे लेकर उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को भुरकुंडा में तीन जगहों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस क्रम में तैयार की गई चुलाइ शराब और जावा महुआ बरामद किया गया। 

मिली जानकारी के अनुसार उपायुक्त ऋतुराज और सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर उत्पाद बल ने शुक्रवार को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल अस्पताल के सामने बस्ती में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से करीब 12 लीटर अवैध चुलाई शराब और लगभग 40 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया है। उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर ली है। उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।