रांची: झारखंड में बारिश और बादलों की वजह से बदले मौसम के बीच अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। हालांकि, सुबह और शाम की ठंड से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है।

राजधानी रांची में शनिवार (31 अक्टूबर) की सुबह कुहासा छाने का अनुमान है। इसके बाद एक और दो नवंबर को आंशिक बादल रह सकते हैं। तीन नवंबर को भी मौसम में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है। चार नवंबर को उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड में कहीं-कहीं बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है। पांच नवंबर की सुबह धुंध रहने के बाद आसमान साफ हो सकता है।

इससे पहले शुक्रवार को बारिश ने राज्य के कई हिस्सों में मौसम का रुख बदल दिया। डालटनगंज में सबसे अधिक 75 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जमशेदपुर में 20.6, बोकारो में 17.4 और चाईबासा में 2.2 मिलीमीटर बारिश हुई। रांची में भी 8.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे गिरकर 21.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था। दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर में कुछ समय के लिए धूप निकली, लेकिन मौसम में ठंडक बनी रही।

मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान में अगले तीन दिनों तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान भी अगले पांच दिनों तक लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।