रांची: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले को लेकर रांची के पिठोरिया में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
मामले के अनुसार, पति से मारपीट की आशंका के बाद सुरक्षा की गुहार लेकर गम्हरिया थाना पहुंची महिला के साथ थाना परिसर में दुष्कर्म का आरोप लगा है। मामले में वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं, थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
पिठोरिया चौक पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास मुंडा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब सुरक्षा की उम्मीद लेकर थाने पहुंची महिलाएं ही वहां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पिठोरिया में प्रदर्शन के दौरान मंडल महामंत्री मोतीराम महतो, मंत्री दीपक दास, सुरेश राम, बबलू मिश्रा, रविंदर प्रसाद और रतन गोप समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

