रांची: कांटाटोली के वासुदेव नगर स्थित रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट में पुलिस ने छापेमारी कर देशी पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान 28 वर्षीय अमरजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
रांची एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि वासुदेव नगर स्थित अपार्टमेंट के ई ब्लॉक के फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध युवक जुटे हैं और किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना पर डीएसपी सिटी केवी रमण के नेतृत्व में टीम बनाकर छापेमारी की गई और अमरजीत को हथियार के साथ पकड़ लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नौडीहा बाजार थाना में कांड संख्या 30/2022, हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 78/2022 और राजपुर थाना में कांड संख्या 59/2025 दर्ज है।
इस संबंध में लोअर बाजार थाना में 01 नवंबर 2026 को कांड संख्या 193/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

