रांची: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में युवती से कथित दुष्कर्म के मामले ने रातू में विरोध का माहौल पैदा कर दिया। रविवार शाम काठीटांड़ चौक पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। लोगों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
आरोप है कि थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक युवती के साथ पुलिस विभाग के एक कर्मचारी ने दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि जब शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाली युवती ही सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भरोसा कैसे कायम होगा?
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने राज्य सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान रातू मुखिया सुबोध साहू, भाजपा जिला महामंत्री सुधाकर चौबे, रातू पूर्वी मंडल अध्यक्ष अमित गोप और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रामधीर तिवारी समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।

