रात भर पिता की निगरानी करता रहा बेटा, सुबह आंख लगते ही वार
रांची: नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव में एक पिता ने सोते हुए पुत्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक मॉर्डन पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बोबरो गांव की सियां टोली निवासी देवनाथ उरांव (38 वर्ष) की मानसिक स्थिति विगत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। वह रात में अक्सर बाहर चला जाता था। किसी अनहोनी के डर से बेटा नितेश उरांव (17 वर्ष) रात में जाग कर उसकी निगरानी करता था। इधर, सोमवार की रात भी नितेश ने पिता की निगरानी की। मंगलवार की सुबह नितेश की आंख लगते ही पिता देवनाथ उरांव ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर देवनाथ उरांव खुद बाहर निकला और लोगों को हत्या की जानकारी दी।

सूचना पर नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार टुडू टीम के साथ पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा दिया गया। आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं छात्र की मौत की खबर पर मॉडर्न पब्लिक स्कूल के निदेशक आरिफ इकबाल गांव पहुंचे। स्कूल प्रबंधन ने मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी। मृतक की माता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में मातम पसरा है।

