रांची/लोहरदगा: लापुर में 13, 14 और 15 नवंबर को आयोजित होने वाले तबलीगी इज्तेमा से पहले आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। इज्तेमागाह और आसपास की सड़कों को निर्धारित समय में तैयार करने के लिए आयोजन से जुड़े लोग लगातार काम कर रहे हैं।
सड़क निर्माण की जिम्मेदारी कांके के पूर्व जिला परिषद सदस्य हकीम अंसारी ने संभाली है। उनके नेतृत्व में इज्तेमागाह के भीतर और आसपास सड़क बनाने का काम तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे फारूक अंसारी ने सोमवार को बताया कि अगले तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
काम को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए पूरे क्षेत्र को दो जोन में बांटा गया है। इनमें एक जोन की जिम्मेदारी कांग्रेस नेता हाजी परवेज को सौंपी गई है। दोनों जोन में निर्माण कार्य को समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
इज्तेमा में शामिल होने के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सड़क निर्माण के साथ अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य तैयारियों को समय पर पूरा करने में जुटे हैं।

