| कार्डियोलॉजी (हृदय रोग) से संबंधित सेवा भी जल्द होगी बहाल |
रामगढ़: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला प्रशासन एक के बाद एक महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। जिससे निकट भविष्य में सदर अस्पताल रामगढ़ में चिकित्सा सुविधा में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिल सकता है। जहां बीते दिनों कैंसर मरीजों के लिए विशेष ओपीडी सेवा शुरू करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया, वहीं अब जिलावासियों के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ में न्यूरो सर्जरी ओपीडी सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ-साथ कार्डियोलॉजी (हृदय रोग) की सेवा भी जल्द बहाल किए जाने की घोषणा भी कर दी गई है। इसे लेकर जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल रामगढ़ में अब हर सोमवार और शुक्रवार को विशेषज्ञ न्यूरो सर्जरी ओपीडी की सुविधा मिलेगी। यह फैसला सोमवार को सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। जिस पर उपायुक्त ऋतुराज ने अनुमोदन दे दिया है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि न्यूरो ओपीडी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होगी। इसमें विशेषज्ञ न्यूरो सर्जन मरीजों को परामर्श देंगे, बीमारी की प्रारंभिक पहचान करेंगे और आगे के इलाज के लिए मार्गदर्शन करेंगे। इससे जिले के मरीजों को रांची या बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सदर अस्पताल में जल्द ही कार्डियोलॉजी यानी हृदय रोग से संबंधित सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके लिए उच्च स्तर पर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन की यह पहल सर्वजन कल्याण योजना के तहत की गई है। सदर अस्पताल प्रबंधन ने सभी जरूरतमंद नागरिकों से इस विशेष सेवा का लाभ उठाने की अपील की है।

