तैयारियों के संबंध में दिए दिशा-निर्देश
रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैथा प्राचीन मंदिर के समीप स्थित तालाब का भ्रमण कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जाएं और दीपावली से पहले सभी कार्य संपन्न कर लिए जाएं, ताकि छठ व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और सुगम आवागमन के लिए रास्तों की मरम्मत सहित सभी आधारभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने बताया कि शुक्रवार को रामगढ़ नगर परिषद और रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र के छठ घाटों की तैयारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक होगी। बैठक में दोनों निकायों के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहेंगे।
मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, नगर प्रबंधक राजीव रंजन, मेघनाथ चौधरी और सफाई पर्यवेक्षक रोशन कुमार मौजूद थे।


