देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहती है कांग्रेस : अन्नपूर्णा 

हजारीबाग: भाजपा हजारीबाग जिला कमेटी ने मंगलवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा सह जनसभा का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत झील रोड स्थित जिला स्कूल मैदान में जनसभा से हुई, जिसमें पूरे जिले से हजारों भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में झंडा और तख्तियां लेकर पहुंचे। जनसभा के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर पदयात्रा निकाली गई।

जनसभा में मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, विशिष्ट अतिथि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय, जिला संगठन प्रभारी सह सिमरिया के पूर्व विधायक किशुन दास, कार्यक्रम के संगठन प्रभारी सह बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण और जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाना चाहती है। कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा कर रही है और विदेशी शक्तियों के साथ टूलकिट की तरह काम कर रही है। जहां चुनाव जीतती है वहां प्रक्रिया सही लगती है, हारने पर सवाल उठाती है। यह दोहरा चरित्र है।

वहीं सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि वोट से समर्थन नहीं जुटा पाने वाला विपक्ष अब भ्रम फैला रहा है। कांग्रेस और सहयोगी दल झूठ की राजनीति कर रहे हैं। जनता का विश्वास कांग्रेस पर नहीं रहा। नाकाम विपक्ष अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन राष्ट्रवादी जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

सभा को विधायक प्रदीप प्रसाद, विधायक अमित कुमार यादव, विधायक रोशन लाल चौधरी, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय, पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने भी संबोधित किया। जनसभा के बाद पदयात्रा जिला स्कूल मैदान से पुराना समाहरणालय चौक, कचहरी चौक, बंशीलाल चौक, झंडा चौक, पैगोडा चौक, इंद्रपुरी चौक होते हुए वापस जिला स्कूल मैदान पहुंची। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी रथ पर सवार रहीं, सांसद मनीष जायसवाल समेत सभी नेता पैदल चले। मंच संचालन जिला महामंत्री जयनारायण प्रसाद ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री सर्वेश सिंह ने किया।

मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक यादव, शिवलाल महतो, आनंद देव, हरीश श्रीवास्तव, सुनील मेहता, शेफाली गुप्ता, सुदेश चंद्रवंशी, चंद्रनाथ भाई पटेल, अनिल मिश्रा, गणेश यादव, टुन्नू गोप, रेणुका साहू, कुणाल किशोर, उपेंद्र सिंह, मंजू नंदिनी, निरंजन मेहता, अजीत बक्सी, विवेक सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, किसान मोर्चा अध्यक्ष इन्द्रनारायण कुशवाहा, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष रमेश हेम्ब्रम, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष तनवीर अहमद, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अजीत चंद्रवंशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनोरमा राणा, रमेश ठाकुर सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी और सैकड़ों लोग मौजूद थे।